मिले-जुले वैश्विक संकेतों के चलते शेयर बाजार मामूली बढ़त के साथ खुला, सेंसेक्स 177 अंक चढ़ा

मुंबई। होर्मुज जलडमरूमध्य को खोलने के लिए अमेरिका और ईरान के बीच समझौते को लेकर अनिश्चितता के बीच हफ्ते के पहले कारोबारी दिन सोमवार को भारतीय शेयर बाजार मामूली बढ़त के साथ फ्लैट खुला। इस दौरान बेंचमार्क सूचकांक, निफ्टी50 और सेंसेक्स में मामूली वृद्धि दर्ज की गई। सोमवार को 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स अपने पिछले बंद 78,499.17 से मामूली 2.41 अंक बढ़कर 78,501.59 पर खुला, तो वहीं एनएसई निफ्टी अपने पिछले बंद 24,570.65 से 10.59 अंक की बढ़त के साथ 24,581.25 पर खुला। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 177 अंक यानी 0.22 प्रतिशत चढ़कर 78,676 पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी50 0.2 प्रतिशत बढ़कर 24,620 पर पहुंच गया। हालांकि बाद के सत्र में बाजार में थोड़ी गिरावट देखने को मिली। व्यापक बाजारों में, निफ्टी मिडकैप में 0.21 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जबकि निफ्टी स्मॉलकैप में 0.13 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। सेक्टरवार देखें तो निफ्टी प्राइवेट बैंक, निफ्टी ऑटो, निफ्टी आईटी, निफ्टी मेटल, निफ्टी फार्मा और निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स ने बेहतर प्रदर्शन किया, जबकि निफ्टी पीएसयू बैंक, निफ्टी मीडिया, निफ्टी एफएमसीजी और निफ्टी ऑयल एंड गैस का प्रदर्शन खराब रहा। निफ्टी50 इंडेक्स में टाइटन कंपनी, टेक महिंद्रा, टाटा स्टील, ग्रासिम, सिप्ला, इंफोसिस और ट्रेंट सबसे ज्यादा लाभ कमाने वाले शेयर रहे, जबकि एसबीआई, एचडीएफसी लाइफ, हिंडाल्को, पावरग्रिड, इटरनल और रिलायंस के शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट दर्ज की गई। ईरान द्वारा जलडमरूमध्य को फिर से खोलने के संबंध में वाशिंगटन के साथ सीधी बातचीत करने के दावों को खारिज करने के बाद, इस महत्वपूर्ण जलमार्ग से माल ढुलाई की स्थिति अनिश्चित बनी हुई है। पिछले सप्ताह अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट द्वारा समझौते के निकट होने के संकेत देने के बाद आशावाद बढ़ा था, लेकिन राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने बाद में कहा कि अमेरिका तेहरान के साथ केवल “आंशिक रूप से बातचीत” कर रहा है और आर्थिक दबाव बनाए रखने का इरादा रखता है। बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, भू-राजनीतिक तनावों में कमी और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी से निवेशकों की जोखिम लेने की धारणा बेहतर हुई है। हालांकि, इस सप्ताह जारी होने वाले अमेरिका के प्रमुख महंगाई आंकड़ों को लेकर निवेशकों के बीच सतर्कता बनी हुई है। एक एक्सपर्ट ने कहा कि बीते शुक्रवार के कारोबारी सत्र में निफ्टी 50 65.35 अंकों यानी 0.27 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,570.65 पर बंद हुआ था। बावजूद इसके, निफ्टी अभी भी अपने प्रमुख मूविंग एवरेज के ऊपर बना हुआ है, जिससे बाजार की व्यापक संरचना सकारात्मक बनी हुई है। वहीं, आरएसआई 59.89 पर है, जो अभी भी तेजी वाले क्षेत्र में माना जाता है। एक्सपर्ट ने आगे कहा कि तकनीकी विश्लेषण के अनुसार 24,450 से 24,500 का क्षेत्र निफ्टी के लिए निकटतम सपोर्ट जोन माना जा रहा है। वहीं 24,750 से 24,800 का स्तर प्रमुख रेजिस्टेंस के रूप में सामने है। निकट अवधि में सूचकांक में सीमित दायरे में कारोबार और कंसोलिडेशन देखने को मिल सकता है। यदि निफ्टी सपोर्ट स्तरों के ऊपर बना रहता है तो बाजार की सकारात्मक संरचना कायम रह सकती है। दूसरी ओर, रेजिस्टेंस जोन के ऊपर निर्णायक बढ़त मिलने पर नई खरीदारी देखने को मिल सकती है।

रांची में विधानसभा घेराव के लिए जुट रहे छात्र, अनशन पर बैठे देवेंद्र नाथ महतो बोले- ‘आज क्रांति का दिन’

रांची। भर्ती परीक्षाओं में कथित धांधली और पेपर लीक के खिलाफ रांची में छात्रों का आंदोलन 17वें दिन में प्रवेश कर चुका है। आगे की रणनीति के तौर पर आंदोलनरत छात्र सोमवार को विधानसभा का घेराव करेंगे। इसको लेकर छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि आज क्रांति का दिन है। छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा, “आज भूख हड़ताड़ का नौवां दिन है और मुझे कमजोरी है। मैं लगातार अपडेट दे रहा हूं और मेरी हालत और खराब होती जा रही है। लेकिन मुझे जो दर्द, तकलीफ और पीड़ा हो रही है, इससे ज्यादा दर्द पेपर लीक को लेकर है।” विधानसभा घेराव को लेकर देवेंद्र नाथ महतो ने कहा, “आज क्रांति का दिन है। यह हमारे महीनों के संघर्ष का दिन है।” देवेंद्र नाथ महतो 2 अगस्त से अनशन पर हैं। उन्होंने 25 जुलाई से अनिश्चितकालीन सत्याग्रह किया था। इसके बाद 2 अगस्त से उनका आंदोलन स्थल पर अनशन शुरू हुआ। पिछले 8 दिनों में उनके स्वास्थ्य में काफी गिरावट आ चुकी है। सोमवार सुबह डॉक्टरों ने महतो का स्वास्थ्य परीक्षण किया। देवेंद्र नाथ महतो के स्वास्थ्य को लेकर डॉक्टर ने आईएएनएस से कहा, “रविवार की अपेक्षा आज उनकी हालत बेहतर है। उन्हें कमजोरी थी, शुगर लेवल गिर गया था और वे कमजोर महसूस कर रहे थे, इसलिए हमने उन्हें ड्रिप लगाई। इसके बाद उनके जरूरी अंग (वाइटल ऑर्गन्स) अभी ठीक हैं। वे बेहतर महसूस कर रहे हैं।” फिलहाल, छात्रों ने 10 अगस्त को विधानसभा घेराव का ऐलान किया है। प्रस्तावित विधानसभा घेराव से पहले राज्य के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में छात्र रांची पहुंचने लगे हैं। छात्र जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में एकत्र हो रहे हैं। एक प्रदर्शनकारी छात्र ने कहा, “हम विधानसभा की ओर जा रहे हैं और हमारा शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन 10 बजे शुरू होगा। छात्र बहुत दूर-दूर से आ रहे हैं। जब तक सरकार हमारी मांगें नहीं मान लेती, हम रुकने वाले नहीं हैं। सरकार की तैयारियों से हमें कोई डर नहीं है। भूख हड़ताल पर बैठे सभी छात्रों का बलिदान बेकार नहीं जाएगा। हम विरोध करेंगे। मैं इस विरोध प्रदर्शन में शामिल हो रहा हूं और हम निश्चित रूप से विधानसभा जाएंगे क्योंकि सरकार हमारे साथ न्याय नहीं कर रही है।” एक अन्य छात्र ने कहा, “आज का कार्यक्रम पहले से ही तय था। विधानसभा मार्च और विधानसभा घेराव की योजना पहले ही बना ली गई थी। छात्र पुरानी विधानसभा के पास इकट्ठा हो रहे हैं और हमारा मार्च वहीं से शुरू होगा। आपके माध्यम से मैं झारखंड के सभी छात्रों से अपील करना चाहता हूं कि आज का मार्च पूरी तरह से शांतिपूर्ण और संवैधानिक होगा।

11 अगस्त का पंचांग: सावन महीने की शिवरात्रि पर महादेव की पूजा करना विशेष फलदाई, सुबह 7:58 से 9:25 बजे तक अमृत काल

नई दिल्ली। हिंदू धर्म में पंचांग का काफी महत्व होता है। कोई शुभ काम, यात्रा, निवेश या पूजा-पाठ करने से पहले पंचांग जरूर देखा जाता है। पंचांग हिंदू काल-गणना पद्धति है जो सूर्य, चंद्रमा और अन्य ग्रहों की स्थिति पर आधारित है। 11 अगस्त 2026 (मंगलवार) को श्रावण माह के कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि, रात 01:53 बजे तक है। इसके बाद अमावस्या लग जाएगी। इस दिन सावन महीने की शिवरात्रि है। भगवान भोलेनाथ की पूजा करना विशेष फलदाई होगा। मंगलवार को विधि-विधान से महादेव की आराधना करने से भक्तों की मनोकामनाएं पूरी होती हैं। मंगलवार को सुबह 6:05 बजे सूर्योदय और शाम 6:58 बजे सूर्यास्त होगा। वहीं, सुबह 4:10 बजे चंद्रोदय और शाम 6:07 बजे चंद्रास्त होगा। पंचांग के अनुसार, 11 अगस्त 2026 को सूर्य अश्लेषा नक्षत्र में विराजमान रहेगा, जबकि चंद्रमा सुबह 10:09 बजे तक पुनर्वासु नक्षत्र में रहेगा, इसके बाद पुष्य नक्षत्र में प्रवेश करेगा। मंगलवार को हर्षण योग नहीं रहेगा, बल्कि शाम 6:51 बजे तक सिद्धि योग रहेगा। इसके बाद व्यतिपात योग लगेगा। इस दिन अभिजित मुहूर्त दोपहर 12:06 से 12:57 तक रहेगा। यह दिन का सबसे शुभ समय माना जाता है। अमृत काल सुबह 7:58 से 9:25 बजे तक रहेगा। वहीं, राहुकाल दोपहर 3:45 बजे से 5:22 बजे और गुलिक काल दोपहर 12:32 से दोपहर 2:08 बजे तक रहेगा। इसके अलावा यमगंड काल सुबह 9:18 से 10:55 बजे तक रहेगा। पारंपरिक मान्यताओं के अनुसार, इन समयों में नए कार्य शुरू करने से बचना चाहिए, क्योंकि इन्हें अशुभ समय माना जाता है। मंगलवार को इस दिन सूर्य कर्क राशि में स्थित रहेगा, जबकि चंद्रमा भी कर्क राशि में स्थित रहेगा। उत्तर दिशा में दिशाशूल रहेगा। ज्योतिष और वास्तु के मुताबिक, इस दिशा में यात्रा करने से बचना चाहिए। यदि यात्रा करना अनिवार्य हो, तो कुछ विशेष ज्योतिषीय उपायों को अपनाकर प्रस्थान किया जा सकता है।

दिल्ली-एनसीआर में आज हल्की से मध्यम बारिश के आसार, अगले कई दिन भी छाए रहेंगे बादल

नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में पिछले कई दिनों से जारी बारिश का दौर आगे भी बना रहने की संभावना है। मौसम विभाग के स्थानीय पूर्वानुमान के मुताबिक, आज 10 अगस्त को दिल्ली-एनसीआर में आमतौर पर बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 10 अगस्त को अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। इस दौरान हवा में नमी का स्तर काफी अधिक रहने का अनुमान है। सुबह और शाम के समय उमस लोगों को परेशान कर सकती है। विभाग ने इस दिन सामान्य तौर पर बादल छाए रहने के साथ मध्यम बारिश का पूर्वानुमान जताया है। हालांकि इस दिन किसी तरह की चेतावनी जारी नहीं दिखाई गई है। वहीं, 11 अगस्त को बारिश की गतिविधियां बढ़ने का अनुमान है, जिसके चलते मौसम विभाग की ओर से बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके बाद भी 12 से 15 अगस्त तक आसमान में बादल छाए रहने और हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना बनी हुई है। 11 अगस्त को अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इस दिन आर्द्रता का स्तर 90 और 85 प्रतिशत तक रह सकता है। मौसम विभाग ने सामान्य तौर पर बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। पूर्वानुमान के मुताबिक, 11 अगस्त को सुबह हल्की से मध्यम बारिश, पूर्वाह्न में भी हल्की से मध्यम बारिश और दोपहर के समय भी हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। शाम के समय बारिश की तीव्रता घटकर बहुत हल्की से हल्की बारिश रह सकती है, जबकि रात में भी बहुत हल्की से हल्की बारिश के आसार हैं। ऐसे में दिनभर रुक-रुककर बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। 12 अगस्त को अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने इस दिन आमतौर पर बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना जताई है। हालांकि, इस दिन कोई चेतावनी नहीं दी गई है। इसके बाद 13 अगस्त को अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। इस दिन भी सामान्य तौर पर बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना है। मौसम विभाग ने इस दिन के लिए भी कोई चेतावनी जारी नहीं की है। 14 अगस्त को अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इस दिन भी सामान्य तौर पर बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं, 15 अगस्त को अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, इस दिन भी आमतौर पर बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश हो सकती है। इस दिन भी कोई चेतावनी जारी नहीं दिखाई गई है। लगातार बादल और बारिश के चलते दिल्ली-एनसीआर के अधिकतम तापमान में बहुत ज्यादा बढ़ोतरी की संभावना नहीं है। 33 से 34 डिग्री के आसपास अधिकतम तापमान रहने से भीषण गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। हालांकि, आर्द्रता 85 से 90 प्रतिशत तक रहने के कारण वातावरण में उमस काफी अधिक बनी रह सकती है। बारिश के बाद तापमान में गिरावट के बावजूद चिपचिपी गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है।

जेपीएससी-जेएसएससी विवाद: विधानसभा घेराव के लिए रांची में जुटे हजारों छात्र, कंटीले तारों से किलेबंदी, प्रशासन हाई अलर्ट

रांची। झारखंड में जेपीएससी और जेएसएससी भर्ती परीक्षाओं में कथित धांधली को लेकर जारी छात्र आंदोलन अपने 17वें दिन सोमवार को निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया है। रविवार को राज्य सरकार के साथ तीसरे दौर की वार्ता बेनतीजा रहने के बाद राज्य के विभिन्न जिलों से हजारों की संख्या में पहुंचे छात्र झारखंड विधानसभा का घेराव करने के लिए रांची की सड़कों पर उतर आए हैं। सुबह 10 बजे से जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से शुरू होने वाले इस विशाल मार्च को लेकर पूरे शहर का माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। राज्यभर से बसों, ट्रेनों और निजी वाहनों के जरिए हजारों परीक्षार्थी रविवार सुबह से ही रांची पहुंचने लगे थे। सैकड़ों छात्रों ने जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम, अटल स्मृति वेंडर मार्केट और आसपास के परिसरों के बरामदों में खुले आसमान के नीचे रात गुजारी। सोमवार भोर होते ही बिरसा चौक और आसपास के इलाकों में तिरंगा और विरोध की तख्तियां लिए युवाओं का हुजूम जमा हो गया है। आंदोलित छात्र जेपीएससी-जेएसएससी की सभी विवादित परीक्षाओं को रद्द करने और इनकी सीबीआई से जांच की मांग पर अड़े हुए हैं। विधानसभा घेराव को देखते हुए राजधानी में अभेद्य सुरक्षा व्यवस्था की गई है। विधानसभा परिसर के 750 मीटर के दायरे में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 (पूर्व में धारा 144) के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है। अरगोड़ा से लेकर विधानसभा मार्ग तक करीब 12 प्रमुख स्थानों पर भारी बैरिकेडिंग की गई है, जिनमें कई जगहों पर लोहे के तीखे कंटीले तार लपेटे गए हैं। वार्ता की विफलता के बाद उभरे इस गतिरोध के बीच, रांची के एसएसपी राकेश रंजन ने अभ्यर्थियों से शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है। क्षेत्र में करीब 2,000 अतिरिक्त पुलिस बल, रैपिड एक्शन फोर्स, दंगा नियंत्रण वाहन और वाटर कैनन को तैनात किया गया है। यद्यपि सरकार ने पुलिस प्रशासन को अनावश्यक बल प्रयोग न करने और संयम बरतने की हिदायत दी है, फिर भी जमशेदपुर और हजारीबाग सहित अन्य पड़ोसी जिलों के संवेदनशील इलाकों में भी निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है। इधर, बैरिकेडिंग पर लगाए गए कंटीले तारों को लेकर राजनीति भी गरमा गई है। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता चंपई सोरेन ने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि यह कोई भारत की अंतरराष्ट्रीय सीमा नहीं है जहां कंटीले तार बिछाए जा रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि अपने हक की मांग कर रहे युवाओं पर इस तरह की बाड़ लगाना लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ है और यदि इसमें कोई अभ्यर्थी घायल होता है, तो उसकी सीधी जवाबदेही राज्य सरकार की होगी। फिलहाल, 17 दिनों से उबल रहा छात्र असंतोष अब राज्य के प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों के लिए सबसे बड़ी चुनौती बन चुका है।

ईरान का दावा: पूरी तरह स्‍वस्‍थ हैं सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई, वायरल वीड‍ियो है पुराना

नई द‍िल्‍ली। ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई की सेहत और सोशल मीड‍िया पर वायरल वीड‍ियो की स्‍थ‍ित‍ि को स्‍पष्‍ट करते हुए एक ईरानी सूत्र ने दावा क‍िया क‍ि सामने आया वीड‍ियो पुराना है। फ‍िलहाल सुप्रीम लीडर की तबीयत ठीक है। सुरक्षा कारणों से वह सार्वजनिक रूप से कम नजर आ रहे हैं। ईरान के एक सूत्र ने रूसी समाचार एजेंसी ‘टास’ को बताया कि मोजतबा खामेनेई का जो वीडियो हाल ही में मीडिया में जारी किया गया था, वह उस समय का है जब वह ईरान के सर्वोच्च नेता (सुप्रीम लीडर) नहीं बने थे। सूत्र के अनुसार, इस समय उनकी सेहत अच्छी है और सुरक्षा कारणों से वह सार्वजनिक रूप से कम दिखाई देते हैं। समाचार एजेंसी ‘टास’ के अनुसार, सूत्र ने कहा क‍ि सामने आया वीड‍ियो पुराना है। इसे उनके सुप्रीम लीडर बनने से पहले रिकॉर्ड किया गया था। उन्होंने बताया कि इस समय उनकी स्वास्थ्य स्थिति काफी अच्छी है। उन्होंने कहा, “उनकी सेहत बिल्कुल ठीक है और सार्वजनिक कार्यक्रमों में नजर न आने की एकमात्र वजह सुरक्षा संबंधी चिंताएं हैं। इससे पहले ईरान की मेहर समाचार एजेंसी ने एक वीडियो जारी किया था, जिसमें मोजतबा खामेनेई कुछ लोगों के समूह से बातचीत करते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में लोग उनकी बातें ध्यान से सुन रहे हैं। हालांकि, वीडियो कब और कहां रिकॉर्ड किया गया था, इसकी कोई जानकारी नहीं दी गई। रिपोर्ट के अनुसार, मोजतबा खामेनेई ईरान के सर्वोच्च नेता तब बने जब उनके पिता अली खामेनेई की अमेरिका और इजरायल की ओर से ईरान के खिलाफ की गई कार्रवाई के बाद हुए एक मिसाइल हमले में मौत हो गई थी। र‍िपोर्ट के अनुसार, सुप्रीम लीडर की सेहत बिल्कुल ठीक बताई जा रही है। रविवार को ही उन्होंने पूर्व इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड्स कॉर्प्स (आईआरजीसी) कमांडर मोहसिन रेजाई को सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल (एसएनएससी) में अपना प्रतिनिधि नियुक्त किया है। सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई ने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म ‘एक्‍स’ पोस्‍ट पर ल‍िखा, ”डॉ. मोहसिन रेजाई, आपके बहुमूल्य अनुभव को ध्यान में रखते हुए, मैं आपको सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल में अपना प्रतिनिधि नियुक्त करता हूं। मुझे उम्मीद है कि आप इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी को निभाने में उल्लेखनीय सफलता हासिल करेंगे और अपने कर्तव्यों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करेंगे। मैं आपके लिए सफलता की शुभकामना करता हूं।