लक्ष्मी तरु फाउंडेशन तिरंगा बाइक रैली कर रक्तदान जन-जागरण अभियान करेगी आयोजन

नई दिल्ली। कारगिल विजय दिवस के गौरवपूर्ण अवसर पर 26 जुलाई 2026 रविवार को लक्ष्मी तरु फाउंडेशन द्वारा एक तिरंगा बाइक रैली एवं रक्तदान जन-जागरण अभियान का आयोजन किया जाएगा। इस रैली का उद्देश्य कारगिल के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करना तथा आगामी 2 अगस्त 2026 को जापानी पार्क, सेक्टर-10, रोहिणी स्थित जेएमडी टेंट में आयोजित होने वाले भारत के सबसे बड़े मेगा रक्तदान शिविर के लिए जन-जागरण करना है। प्रात: 7 बजे प्रारंभ होने वाली इस तिरंगा बाइक रैली में दिल्ली-एनसीआर के सैकड़ों युवा, रक्तदाता, सामाजिक कार्यकर्ता, विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि एवं स्वयंसेवक हाथों में तिरंगा लेकर भाग लेंगे। रैली रोहिणी के प्रमुख मार्गों से होकर निकलेगी और नागरिकों को राष्ट्रसेवा, स्वैच्छिक रक्तदान तथा सामाजिक उत्तरदायित्व का संदेश देगी। लक्ष्मी तरु फाउंडेशन के संस्थापक विपिन गर्ग (ब्लड मैन ऑफ  दिल्ली) ने कहा कि कारगिल के वीर सैनिकों ने अपने प्राणों की आहुति देकर देश की रक्षा की थी। उनके सम्मान में आयोजित यह तिरंगा बाइक रैली केवल श्रद्धांजलि नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प भी है। उन्होंने कहा कि श्देश के लिए सीमा पर सैनिक अपना रक्त बहाते हैं और हम शांति के समय रक्तदान करके अनगिनत लोगों का जीवन बचा सकते हैं। उन्होंने बताया कि 2 अगस्त 2026 को आयोजित होने वाला मेगा रक्तदान शिविर भारतीय सेना के वीर जवानों एवं थैलेसीमिया से पीडि़त बच्चों को समर्पित होगा। शिविर में 3,100 से अधिक रक्त यूनिट संग्रह कर विश्व रिकॉर्ड स्थापित करने का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच, थैलेसीमिया स्क्रीनिंग, स्टेम सेल रजिस्ट्रेशन एवं अन्य जनहितकारी सेवाओं की भी व्यवस्था रहेगी। फाउंडेशन ने सभी युवाओं, सामाजिक संगठनों, आरडब्ल्यूए, कॉलेजों, कॉर्पोरेट संस्थानों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि वे कारगिल विजय दिवस के अवसर पर आयोजित इस तिरंगा बाइक रैली में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर शहीदों को श्रद्धांजलि दें तथा 2 अगस्त को आयोजित मेगा रक्तदान शिविर में रक्तदान कर मानवता की सेवा का संकल्प लें।